भास्कर संवाददाता | सीहोर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में मंगलवार को युवा संगम रोजगार-स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया गया। इस रोजगार मेले में 401 युवाओं ने पंजीयन कराया और कंपनियों द्वारा 287 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया। मेले में 18 कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इन्हें 700 पदों पर युवक-युवतियों की भर्ती करनी थी, लेकिन जितना लक्ष्य लेकर रोजगार कार्यालय चल रहा था, उतने बेरोजगार रोजगार मेले में शामिल नहीं हुए। हालांकि, रोजगार मेले में अनेक योजनाओं के तहत हितग्राहियों के ऋण प्रकरण स्वीकृत कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। खास बात यह है कि इस रोजगार मेले में आने वाले अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। रोजगार मेले के शुभारंभ समारोह में जिपं सीईओ सर्जना यादव ने कहा कि अनेक कंपनियां नियुक्ति करने आई हैं, उन्हें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। 700 पदों पर होनी थी भर्ती एनआईआईटी (एचडीएफसी, एक्सिस बैंक), नव किसान बॉयो प्लांटेक भोपाल, शिवशक्ति बॉयो प्लांटेक भोपाल, दीपक फासनर्स जताखेड़ा, चेकमेट सेक्योरिटी सर्विसेस बड़ौदा, लायन फेब्रिक्स प्रा.लि. बुदनी, यशस्वी ग्रुप भोपाल, श्रीराम फाइनेंस सीहोर फाइनेंस एडवाइजर, मशीन ऑपरेटर, पैकर्स, प्रमोटर, सिक्योरिटी गार्ड जैसे 700 पदों पर भर्ती करनी थी। 287 का ही चयन हो सका।


