बगोदर | बगोदर के ग्रामीण क्षेत्रों में शहीद महेंद्र सिंह शहादत दिवस की तैयारियों के बीच ग्राम सभाओं और धान संग्रह अभियान को तेज किया जा रहा है। मंगलवार को बनपुरा में ग्राम सभा आयोजित की गई, वहीं मुंडरो के बखरीडीह और अडवारा के तुकतुको गांव में धान संग्रह अभियान चलाया गया। इस दौरान बगोदर उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह ने नाइजर में अपहृत बगोदर के पांच प्रवासी मजदूरों के मुद्दे को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि छह माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद केंद्र और राज्य सरकारें मजदूरों की रिहाई के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही हैं। हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अपहृत मजदूरों में मुंडरो पंचायत का एक और दोनदलों पंचायत के चार मजदूर शामिल हैं, जिनके परिवार पिछले छह महीनों से भय और अनिश्चितता में जीवन यापन कर रहे हैं।उप प्रमुख ने घोषणा की कि 16 जनवरी को आयोजित शहीद महेंद्र सिंह शहादत दिवस पर प्रवासी मजदूरों की रिहाई का मुद्दा प्रमुख रहेगा और ग्रामीणों से कार्यक्रम स्थल बगोदर बस स्टैंड में बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की। कार्यक्रम में गांगों दास, बासुदेव विद्यार्थी, लालमोहन महतो, जितेंद्र महतो, राजू महतो, हेमलाल महतो, तेजनारायण पासवान, महावीर पासवान, भुनेश्वर महतो, रामदेव महतो, राजकुमार दास सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।


