भास्कर अपडेट्स:दिल्ली जल बोर्ड के 17.7 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने सत्येंद्र जैन समेत 14 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के 4 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडरों में 17.7 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 14 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। ​ ईडी के अनुसार, राजा कुमार कुर्रा व सहयोगियों ने फर्जी इनवॉइस व हवाला से 6.73 करोड़ रुपए का अवैध कमीशन दिया। इससे युरोटेक एनवायरनमेंटल प्राइवेट लिमिटेड को 9.96 करोड़ का अनुचित लाभ हुआ। पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय, सदस्य अजय गुप्ता, चीफ इंजीनियर सतीश चंद्रा वशिष्ठ व अन्य ने अपराध की कमाई छिपाई। ईडी ने 15.36 करोड़ की संपत्तियां जब्त की हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… कोलकाता के पास बिल्डिंग में आग लगी, 11 फायर ब्रिगेड ने 2:30 घंटे में बुझाई कोलकाता के पास दमदम इलाके में एक बिल्डिंग के गोदाम में बनी होजरी यूनिट में सोमवार शाम आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि दमदम सेवन टैंक्स इलाके में होजरी फैक्ट्री में शाम करीब 6:30 बजे आग लगी। आग बुझाने के लिए 11 फायर टेंडर लगाए गए। फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी के मरने या घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का कारण गैस सिलेंडर फटना माना जा रहा है, हालांकि सही कारण जांच के बाद ही पता चल पाएगा। अमरनाथ यात्रा के दौरान ड्रोन उड़ाने पर श्रीनगर के दो व्यक्ति गिरफ्तार अमरनाथ यात्रा 2025 के दौरान गांदरबल पुलिस ने नो-फ्लाई जोन में ड्रोन उड़ाने के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह क्षेत्र गृह मंत्रालय द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि ड्रोन को सॉफ्ट-किल तकनीक से रोककर नीचे गिराया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस टीम ने ड्रोन का फॉरेंसिक जांच कर उड़ाने वालों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओवैस मुनिर खान (सनात नगर, श्रीनगर) और फारूज अहमद नेंग्रू (मुनवाराबाद, खन्यार, श्रीनगर) के रूप में हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश कर चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। सोनम वांगचुक की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर केंद्र ने विरोध किया, सुप्रीम कोर्ट ने मांग ठुकराई, अगली सुनवाई 15 दिंसबर को सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को केंद्र ने साइंटिस्ट और सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की जोधपुर जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की मांग का विरोध किया। वांगचुक की पत्नी गीतांजली जे आंगमो की याचिका पर सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सभी कैदियों के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी। ​ कपिल सिब्बल ने कोर्ट से कहा कि वांगचुक जेल से जुड़ना चाहते हैं। मेहता ने अस्वीकार करते हुए कहा कि लाइवस्ट्रीमिंग वाले हर केस में कैदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मांगेंगे। आंगमो ने याचिका में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत गिरफ्तारी को गैरकानूनी और मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है।​ स्टेटहुड और 6वें शेड्यूल की मांग को लेकर 24 सितंबर को लेह में प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई थी। इसमें 4 लोगों की मृत्यु और 90 लोग घायल हुए थे। सरकार ने हिंसा भड़काने के आरोप में सोनम वांगचुक को 26 सितंबर को NSA के तहत गिरफ्तार किया था। सोनम अभी जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। गुजरात के गिर सोमनाथ में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.1 तीव्रता दर्ज की गई गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में सोमवार सुबह 10:51 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.1 दर्ज की गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि कहीं से किसी तरह के नुकसान या चोट की खबर नहीं मिली है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इस तीव्रता के झटके सामान्य माने जाते हैं और इनमें बड़े नुकसान की संभावना कम होती है। सिद्धारमैया को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस: 2023 में वरुणा सीट से उनके चुनाव पर उठे सवालों पर मांगा जवाब सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की 2023 की वरुणा सीट से हुई जीत को चुनौती देने वाली याचिका पर नोटिस जारी किया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले अपने घोषणापत्र में मुफ्त बिजली, मुफ्त अनाज, बेरोजगारों को भत्ता, महिलाओं को आर्थिक मदद और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी कई योजनाएं देने का वादा किया था। याचिका के मुताबिक ऐसे वादे मतदाताओं को लुभाने की कोशिश हैं और इन्हें चुनावी गलत आचरण (corrupt practice) माना जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने अब इस मामले में सिद्धारमैया और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। हैदराबाद एयरपोर्ट पर तीन उड़ानों को बम की धमकी, इनमें 2 इंटरनेशनल फ्लाइट्स थीं हैदराबाद एयरपोर्ट पर रविवार देर रात तीन उड़ानों को बम की धमकी दी गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि यह धमकी एयरपोर्ट कस्टमर सपोर्ट को एक ईमेल के जरिए मिला था। जिन फ्लाइट्स को लेकर धमकी दी गई थी, उनमें दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स थीं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि कन्नूर से हैदराबाद के लिए उड़ान संख्या 6E 7178 की 7 दिसंबर को रात 10:50 बजे सुरक्षित लैंडिंग हुई। फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद के लिए उड़ान संख्या LH 752 8 दिसंबर की सुबह 2:00 बजे उतरी। हीथ्रो से हैदराबाद के लिए उड़ान संख्या BA 277 8 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे सुरक्षित रूप से उतरी। महाराष्ट्र के पालघर पुलिस स्टेशन में महिला से रेप, आरोपी कांस्टेबल ने बयान दर्ज कराने के बहाने बुलाया था महाराष्ट्र के पालघर जिले में बयान दर्ज कराने आई एक महिला से रेप के आरोप में कांस्टेबल (40) को गिरफ्तार किया गया है। घटना पिछले हफ्ते कासा पुलिस स्टेशन में हुई। महिला ने शिकायत में कहा कि उसे बयान दर्ज करवाने के बहाने बुलाकर उसका रेप किया। मामला सामने आते ही पुलिस ने कांस्टेबल के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज कर रविवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद कासा थाने के इंचार्ज को ट्रांसफर कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में फर्नीचर गोदाम और दुकानों में आग लगी; फायर बिग्रेड आग बुझाने में जुटीं श्रीनगर के मुनवराबाद इलाके में रविवार रात कई दुकानों और एक फर्नीचर गोदाम में आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं लगा है। घटना की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पानी की कोशिश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *