आतंकी कनेक्शन का डर दिखाकर साइबर ठगों ने बाई का बगीचा निवासी रिटायर्ड प्रिंसिपल अमिता ग्रेब्रियल (63) और उनके पति एंथोनी ग्रेब्रियल (65) को डिजिटल अरेस्ट कर लिया। ठगों ने खुद को एटीएस अधिकारी बताते हुए कहा कि पुलवामा हमले में 70 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ था, जिसमें से 70 लाख रुपए उनके खाते में आए हैं। उन्हें धमकाया गया कि वे पूरी राशि आरबीआई खाते में ट्रांसफर करें, नहीं तो जेल भेज दिया जाएगा। आरोपी लगातार वीडियो कॉल पर निगरानी करते रहे और दंपति को घर में बंद कर किसी से बात न करने की चेतावनी दी। मंगलवार को महिला बैंक जाने का बहाना बनाकर बाहर निकली और अधिवक्ता अनिल मिश्रा को जानकारी दी। इसके बाद एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह टीम सहित उनके घर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने कॉल काट दिया। पुलिस ठगों द्वारा दिए गए खाते और मोबाइल नंबर की जांच कर रही है। एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि ऐसी धमकियों से डरें नहीं, संदिग्ध कॉल पर साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में तुरंत शिकायत करें। दंपति से ठगे थे 31 लाख : इसी तरह एमपीईबी से रिटायर्ड अधिकारी अविनाश चंद दीवान और उनकी पत्नी सविता को आतंकी कनेक्शन में फंसाने की धमकी देकर 5 दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखा था। आरोप लगाकर 31 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए।


