सतना स्मार्ट सिटी को शहरी जल प्रबंधन श्रेणी में एसोचैम नेशनल वॉटर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान शहर में स्कॉडा सिस्टम से शुरू की गई पेयजल आपूर्ति के लिए दिया गया। यह कार्यक्रम दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय और एसोचैम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी और पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने महापौर योगेश ताम्रकार और सीएफओ सत्यम मिश्रा को यह अवार्ड प्रदान किया। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्रालय के जनरल डायरेक्टर राजीव मित्तल, जल जीवन मिशन के डायरेक्टर कमल किशोर, नेशनल वॉटर मिशन की एडिशनल सचिव अर्चना वर्मा, सतना स्मार्ट सिटी के ई-गवर्नेंस मैनेजर दीपेंद्र सिंह राजपूत और उपयंत्री अश्विनी सिंह भी उपस्थित थे। शहर में 21 करोड़ रुपए का स्कॉडा सिस्टम स्थापित शहर में पेयजल आपूर्ति की निगरानी के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 21 करोड़ रुपए का स्कॉडा सिस्टम स्थापित किया गया है। इस सिस्टम में एनीकट, फिल्टर प्लांट और ओवरहेड टैंक में पानी की गुणवत्ता और लीकेज की जांच के लिए सेंसर लगाए गए हैं। कंट्रोल सेंटर से स्मार्ट निगरानी सतना स्मार्ट सिटी के ई-गवर्नेंस मैनेजर दीपेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि इस सिस्टम की पूरी निगरानी स्मार्ट सिटी कंट्रोल एवं कमांड सेंटर से की जा रही है। इसका उद्देश्य शहरवासियों को साफ और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।


