हिमाचल कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने सुंदरनगर और मंडी पहुंचने पर केंद्र सरकार तथा भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आपदा के दौरान मंडी के लिए 1500 करोड़ रुपए का पैकेज घोषित किया था, लेकिन राज्य को आज तक उसका एक भी रुपया नहीं मिला। विनय कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल बयानबाजी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मंडी जिला आपदा से सर्वाधिक प्रभावित रहा, फिर भी केंद्र से वास्तविक मदद नहीं मिली। विनय कुमार ने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर उचित जवाब देगी। अगले तीन महीनों में तैयार होगी संगठन की संरचना अपनी नई जिम्मेदारी पर बात करते हुए विनय कुमार ने कहा कि कोई भी पद हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। कार्यकारी अध्यक्ष के बाद अब अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी और भी बड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी तीन महीनों में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की पूरी संरचना तैयार कर दी जाएगी। उनका लक्ष्य है कि नया संगठन ऊर्जा और मजबूती के साथ काम करे। मंडी में पिछले चुनावों में कांग्रेस 1-9 के आंकड़े पर सिमट गई थी। इस पर उन्होंने स्वीकार किया कि पार्टी ने समय पर ध्यान नहीं दिया और आपसी मतभेद हार का कारण बने। उन्होंने कहा कि अब रणनीति पूरी तरह बदली जाएगी और किसी भी क्षेत्र में असहमति या गुटबाजी नहीं होने दी जाएगी। उनका लक्ष्य है कि सभी नेता एकजुट होकर एक साथ कार्य करें। कांग्रेस के सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह : विनय कुमार विनय कुमार ने बताया कि मंडी में 11 तारीख को होने वाले कांग्रेस सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पार्टी का लक्ष्य है कि इस कार्यक्रम में 20 से 25 हजार कार्यकर्ता शामिल हों। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन संगठन की मजबूती और भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने भाजपा पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने धर्मशाला में हुई भाजपा की रैली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा के कई गुट स्पष्ट रूप से दिखाई दिए।


