भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा है कि भाजपा 11 से 25 जनवरी, 2025 तक संविधान गौरव अभियान चलाएगी। उन्होंने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अभियान की जानकारी दी। बाउरी को पार्टी ने अभियान का प्रदेश संयोजक बनाया है। साथ ही प्रदेश मंत्री नंद जी प्रसाद एवं वरिष्ठ नेता राकेश भास्कर इस अभियान के सह संयोजक बनाए गए हैं। बाउरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लगातार संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान किया है। बाबा साहेब के संघर्ष, संविधान निर्माण और कांग्रेस द्वारा उनके साथ किए गए छल को लेकर जिले से मंडल तक आम जनता को जागरूक करने का काम 25 जनवरी तक होगा। इस अभियान को पार्टी ने संविधान गौरव अभियान का नाम दिया है। प्रेसवार्ता में प्रदेश शिवपूजन पाठक, अमित कुमार मंडल और राफिया नाज भी थीं। मंईयां योजना की बड़ी कीमत जनता को चुकानी पड़ रही : अमर बाउरी ने मंईयां सम्मान योजना पर कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 56 लाख से अधिक लोगों के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि भेजी है। लेकिन इसकी एक बड़ी कीमत जनता को चुकानी पड़ रही है। राज्य के वृद्ध, विधवा, दिव्यांग को मिलने वाले पैसे उनके खाते में नहीं जा रहे हैं। इस बार के अनुपूरक बजट में एक विभाग को मात्र 2100 रुपए ही दिए गए हैं। 450 रुपए में गैस सिलिंडर देने के मामले में उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो का अपने वादे से मुकर जाना कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा संविधान का मजाक बनाने वाले संविधान गौरव अभियान चलाएंगे प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने सोमवार को कहा कि संविधान का मजाक बनाने वाले संविधान गौरव अभियान चलाने की बात कह रहे हैं। भाजपा नेता अमर बाउरी के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा का अभियान संविधान बचाने का नहीं, बल्कि संविधान बदलने के लिए जनमत संग्रह के लिए चलाया जाएगा। बाबा साहब के आदर्शों की बात भाजपा नेता के मुंह से अच्छी नहीं लगती। भाजपा धार्मिक आधार पर देश में विभाजन की नीति अपना रही है। आरक्षण को समाप्त कर पिछड़ों, अनुसूचित जाति, जनजाति को समाज की मुख्य धारा से हटाना चाहती है। देश बाबा साहब के संविधान से चलेगा भाजपा के फरमान से नहीं।


