कटनी के बरही थाना क्षेत्र के ठाकुर खितौली निवासी अजय सिंह रघुवंशी ने अपनी पत्नी की मौत के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस पर मामले में ठोस कार्रवाई न करने और आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। पड़ोसी के खेत में फैले करंट से हुई मौत रघुवंशी ने शिकायत में बताया कि यह घटना 6 अक्टूबर को हुई थी। उनकी पत्नी प्रभात सिंह रघुवंशी अपने खेत में काम करने जा रही थीं। रास्ते में वह गांव के ही निवासी राकेश यादव के खेत में लगे अवैध विद्युत करंट की चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बरही पुलिस थाने में आरोपी राकेश यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उसे मुख्य आरोपी बनाया गया था। पति बोले-दो महीने बाद भी नहीं गिरफ्तार हुआ आरोपी शिकायतकर्ता अजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि घटना को लगभग दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपी राकेश यादव को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस की ओर से आरोपी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय से वंचित है। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग रघुवंशी ने एसपी कार्यालय में अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि अवैध रूप से करंट लगाकर उनकी पत्नी की मौत के जिम्मेदार आरोपी के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। इस शिकायत के संबंध में, एएसपी संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि फरियादी की ओर से शिकायत मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


