कोरबा में रेलवे कर्मचारियों की ‘हरियर धरती’ टीम ने जरूरतमंदों को गर्म कपड़े वितरित किए। यह सेवा कार्य कटघोरा ब्लॉक के ग्राम गुडरमुड़ा में किया गया, जो जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित है। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वनांचल के लोगों की मदद के लिए यह पहल की गई। ‘हरियर धरती रेल पर्यावरण संरक्षण समिति कोरबा’ के सदस्यों ने आपसी सहयोग से बड़ी संख्या में कंबल, साड़ियां, स्वेटर और बच्चों के कपड़े एकत्र किए थे। टीम ने इन साफ-सुथरे कपड़ों को ग्राम गुडरमुड़ा में हर आयु वर्ग के जरूरतमंदों तक पहुंचाया। यह टीम रेलवे कर्मचारियों की ओर से संचालित है और पिछले पांच वर्षों से सक्रिय है। इसका मुख्य उद्देश्य ‘पेड़ बचाओ, पानी बचाओ, जीवन बचाओ’ है। टीम हर वर्ष मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न कार्यों को अंजाम देती है। संस्था ने इससे पहले भी अलग-अलग स्थानों पर सैकड़ों पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया है। इसके अलावा हर साल ठंड के मौसम में यह टीम वास्तविक जरूरतमंदों को गर्म कपड़े वितरित करती है। इस टीम में रेलवे के सभी वर्गों के कर्मचारी शामिल हैं, जो ऐसे सेवा कार्यों में समान रूप से अपना सहयोग प्रदान करते हैं। इस वितरण कार्यक्रम में आनंद गुप्ता, गुलाब ध्रुर्वे, संजीत गोंड़, गणेश स्वर्णकार सहित कई सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।


