जयपुर के अशोक नगर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर में पूजा के लिए रखे गए एक अस्थायी पुजारी ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह घटना मंगलवार रात को हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। चोर ने मंदिर से 2 किलो चांदी के नागराज और सभी मूर्तियों के 11 चांदी के छत्र चुरा लिए। इस संबंध में बुधवार को अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच अधिकारी एएसआई राम कुमार ने बताया- चोरी को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान अमन तिवाड़ी (28) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के सिहोड़ का रहने वाला है। मंदिर के स्थायी पुजारी के गांव जाने के कारण, मंदिर प्रबंधन ने गलता गेट निवासी पुजारी ओम प्रकाश शुक्ला की सिफारिश पर अमन को छह दिन पहले ही पूजा के लिए रखा था। अमन तिवाड़ी मंदिर परिसर में बने एक कमरे में ही रह रहा था। उसने मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और कैब करके फरार हो गया। अशोक नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। एएसआई राम कुमार इस पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। शुरुआती पूछताछ ओम प्रकाश शुक्ला से भी की जा रही है, और फरार अमन तिवाड़ी को पकड़ने के लिए एक टीम मध्य प्रदेश भी भेजी जाएगी।


