बिजली विभाग कार्मिक अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन:कर्मचारियों ने काम अटकाने और मनमानी का आरोप लगाया, SE को ज्ञापन सौंपा

डूंगरपुर में अजमेर विद्युत वितरण निगम के कर्मचारियों ने कार्मिक अधिकारी कुलदीप सिंह की कार्यशैली के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने उन पर मनमानी करने, काम न करने और कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए अधीक्षण अभियंता (SE) को ज्ञापन सौंपा। अजमेर विद्युत वितरण निगम के श्रमिक संघ के बैनर तले बिजली विभाग के कर्मचारी आज एसई कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। उन्होंने कार्मिक अधिकारी कुलदीप सिंह की कार्यशैली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कुलदीप सिंह मनमानी करते हैं, उनके काम नहीं करते और अनावश्यक रूप से अटकाते हैं। कर्मचारियों ने बताया कि कार्मिक अधिकारी कुलदीप सिंह कलेक्टर द्वारा घोषित अवकाशों को शामिल नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा, डूंगरपुर कोर्ट द्वारा एक तकनीकी कर्मचारी को एक मामले में बरी किए जाने के बावजूद, उसे बकाया वेतन वृद्धि का लाभ नहीं दिया जा रहा है। जबकि उच्चाधिकारियों ने भी इस संबंध में निर्देश दिए थे, जिससे कर्मचारी को आर्थिक और मानसिक परेशानी हो रही है। एक अन्य मामले में, वाणिज्यिक सहायक द्वितीय के पद पर नियुक्त एक कर्मचारी का परिवीक्षा काल पूरा होने के बाद भी कार्मिक अधिकारी द्वारा उसका वेतन निर्धारण नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि ऐसे कई अन्य मामले हैं जिनमें कुलदीप सिंह कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कर्मचारियों ने एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *