बूंदी में प्राथमिक शिक्षक संघ (लेवल प्रथम) की जिला कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर लेवल प्रथम शिक्षकों को अनुभव और वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने की मांग की है। यह ज्ञापन बूंदी जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, विधायक हरिमोहन शर्मा और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सत्यप्रकाश टेलर को सौंपा गया। विधायक हरिमोहन शर्मा ने शिक्षकों की इस मांग का समर्थन किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्राथमिक शिक्षकों की उचित मांग पूरी कर पदोन्नति देने की अपील की। संघ के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिक शिक्षक केवल शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं रहते। वे स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर प्रधानाध्यापक तक की विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लेवल प्रथम के शिक्षकों को वही प्रशिक्षण मिलता है जो लेवल द्वितीय के अभ्यर्थियों को दिया जाता है, फिर भी पदोन्नति के लिए उन पर बी.एड. की अनिवार्यता लागू की गई है। प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अनिल लववंशी ने तर्क दिया कि सरकार अन्य सभी कर्मचारी संवर्गों में वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर पदोन्नति के अवसर प्रदान कर रही है। ऐसे में प्राथमिक शिक्षकों के लिए अलग शर्तें लागू करना उचित नहीं है। संघ ने मांग की है कि लेवल प्रथम के शिक्षकों को वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर पदोन्नति देकर राहत प्रदान की जाए।


