कोटपूतली–बहरोड़ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से 37 रिक्त उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा ने बताया कि यह विज्ञप्ति 9 दिसंबर को प्रकाशित की गई। इसके तहत जिले के छह उपखंड क्षेत्रों में अलग-अलग संख्या में दुकानों का आवंटन किया जाएगा। जारी विज्ञप्ति के अनुसार बानसूर में 4, बहरोड़ में 6, नीमराणा में 5, पावटा में 6, विराटनगर में 6 और कोटपूतली में सबसे अधिक 10 उचित मूल्य दुकानों का आवंटन प्रस्तावित है। इन दुकानों के जरिए राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु करने और उपभोक्ताओं को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। महिलाओं के लिए 12 दुकानें आरक्षित सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति के तहत इस प्रक्रिया में विशेष प्रावधान किए गए हैं। कुल 37 दुकानों में से 12 दुकानों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में कदम माना जा रहा है। ऑनलाइन उपलब्ध है पूरी जानकारी रिक्त उचित मूल्य दुकानों का विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट food.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा जिला रसद अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी पूरी सूची चस्पा की गई है, ताकि इच्छुक अभ्यर्थी सभी आवश्यक जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकें। आपत्तियां दर्ज कराने का मौका विज्ञप्ति के संबंध में यदि किसी नागरिक या अभ्यर्थी को कोई आपत्ति हो, तो वे 15 दिनों के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद किसी भी प्रकार की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। आपत्ति निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग की ओर से संशोधित विज्ञप्ति जारी की जाएगी। इसके पश्चात संबंधित कार्यालय से आवेदन प्राप्त किए जा सकेंगे और आगे की आवंटन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


