चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में एक घर से छह महीने का जुड़वा बच्चा चोरी हो गया है। अज्ञात चोरों ने मां के दो जुड़वा बच्चों में से एक को घर में घुसकर चुरा लिया। यह घटना लावालौंग थाना क्षेत्र के कदहे गांव की है। पीड़ित परिवार आदिवासी समुदाय की गंझू जाति से संबंधित है। पुलिस इस मामले को बच्चा चोरी गिरोह के बड़े नेटवर्क से जोड़कर देख रही है। पीड़ित पिता का नाम दीपू गंझू है। चोरी हुए बच्चे का जन्म करीब छह महीने पहले हुआ था। बच्चा अपने जुड़वा भाई के साथ घर में सो रहा था, तभी बीते मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। लावालौंग थाना क्षेत्र एक नक्सल प्रभावित इलाका है। यहां पहले चोरी की वारदातें घरों और सामानों तक सीमित थीं, लेकिन अब बच्चों की चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित मां ने लावालौंग थाना में आवेदन देकर बच्चे की खोजबीन और न्याय की मांग की है। इस मामले पर लावालौंग थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें एक आवेदन मिला है, जिसमें मंगलवार रात एक मां के जुड़वा बच्चों में से एक बच्चे की चोरी की बात कही गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी बच्चा चोरी गिरोह का काम है या इसके पीछे कोई और वजह है।


