स्ट्रेचर नहीं मिला, अस्पताल गेट पर एंबुलेंस में प्रसव:प्रसूता 20 मिनट तक दर्द से कराहती रही, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

सतना के सरदार वल्लभ भाई पटेल सरकारी जिला अस्पताल में बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई। अस्पताल के गेट पर एक प्रसूता को स्ट्रेचर नहीं मिलने के कारण जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस में ही प्रसव कराना पड़ा। प्रसूता लगभग 20 मिनट तक प्रसव पीड़ा से कराहती रही। जानकारी के अनुसार, रामपुर चौरासी गांव निवासी साधना यादव को प्रसव पीड़ा होने पर आशा कार्यकर्ता केतकी बाई जननी एक्सप्रेस (क्रमांक CG 04 NZ 6041) से दोपहर लगभग 12 बजे जिला अस्पताल लेकर आईं। एंबुलेंस अस्पताल के गेट पर खड़ी थी। प्रसव के बाद वार्ड में कराया भर्ती
आशा कार्यकर्ता केतकी बाई लेबर रूम से स्ट्रेचर की व्यवस्था करने गईं, लेकिन उन्हें बताया गया कि स्ट्रेचर खाली नहीं है और कुछ देर बाद भेजा जाएगा। जब आशा कार्यकर्ता एंबुलेंस के पास लौटीं, तो प्रसूता साधना यादव प्रसव पीड़ा से कराह रही थीं। प्रसूता की गंभीर हालत देखकर, अस्पताल की आया और परिवार की महिलाओं की मदद से एंबुलेंस में ही उनका सामान्य प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। प्रसव के बाद, जच्चा और बच्चा को एंबुलेंस से वार्ड में शिफ्ट किया गया। इस मामले में जब जिला अस्पताल प्रशासक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *