लुधियाना जिले के खन्ना में एक महिला ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। इसके पीछे पारिवारिक कलह और नाजायज संबंधों के चलते विवाद सामने आया है। पुलिस ने शव को नहर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई ने अपने जीजा पर अनैतिक संबंधों का आरोप लगाकर शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना लुधियाना के खन्ना के कृष्णा नगर की है। मृतका 51 वर्षीय सीमा रानी ने आत्महत्या से पहले एक ऑडियो रिकॉर्डिंग की थी। इसमें उन्होंने अपने पति जलविंदर और लुधियाना निवासी एक महिला को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। इसके बाद दोराहा नहर में कूदकर जान दे दी। पति के थे नाजायज संबंध, इसको लेकर होती थी कलह मृतका के भाई सोनू ने बताया कि उनके जीजा जलविंदर सिंह के लुधियाना की एक महिला से नाजायज़ संबंध थे। इसी कारण सीमा रानी के घर में अकसर झगड़े होते रहते थे। परिवार ने कई बार पुलिस को शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोनू के अनुसार, जलविंदर सिंह ने कई बार अपने व्यवहार में सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। लगातार पारिवारिक तनाव और झगड़ों के कारण सीमा रानी मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। मंगलवार रात पति पत्नी डिनर करने होटल गए थे, वहां विवाद घटना वाली रात सीमा रानी और जलविंदर सिंह एक होटल में खाना खाने गए थे। वहां भी दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद सीमा रानी होटल से निकलीं और सीधे एक ऑटो में बैठकर दोराहा नहर की ओर चली गईं। नहर पर पहुंचते ही उन्होंने बिना किसी को बताए छलांग लगा दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी तो तलाशी अभियान चलाया गया। बुधवार सुबह पुलिस ने पहेड़ी नहर पुल से सीमा रानी का शव बरामद किया। भाई के बयान पर केस दर्ज, ऑडियो की भी जांच आत्महत्या करने से पहले सीमा रानी ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग की थी। इसमें उन्होंने अपने पति जलविंदर सिंह और लुधियाना निवासी महिला को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने भाई का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।


