डॉ. प्रवीण तोगड़िया झालावाड़ पहुंचे, हनुमान चालीसा अभियान की घोषणा:धर्मसभा में हिंदुओं को संगठित करने का दिया संदेश

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया झालावाड़ पहुंचे। उन्होंने कोठी रोड स्थित एक निजी गार्डन में आयोजित धर्मसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देशभर में हिंदुओं को संगठन से जोड़ने और जागरूक करने के उद्देश्य से एक लाख स्थानों पर हनुमान चालीसा अभियान चलाने की घोषणा की। डॉ. तोगड़िया ने बताया कि यह अभियान प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज अब केवल सहन करने वाला नहीं, बल्कि दिशा देने वाला बनेगा। राष्ट्रीय बजरंग दल अब केवल संघर्ष नहीं, बल्कि निर्णायक विजय की ओर बढ़ेगा। उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना की जहां हिंदू की आस्था, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च हो, और जहां बहनों की इज्जत सुरक्षित हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय बजरंग दल हिंदुओं का कवच बनकर पूरे देश की सुरक्षा करेगा। हिंदू महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि बहनों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य को लेकर डॉ. तोगड़िया ने शारीरिक व्यायाम और प्रतिदिन एक घंटा पैदल चलने की सलाह दी। इस संबंध में एक पैम्फलेट भी वितरित किया गया, जिसमें विभिन्न बीमारियों से राहत पाने और संगठन द्वारा हिंदू समाज की मदद करने की जानकारी स्पष्ट की गई थी, ताकि शरीर स्वस्थ रहे। डॉ. प्रवीण तोगड़िया कड़ी सुरक्षा के बीच झालावाड़ पहुंचे, जहां शहर में कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की माला पहनाकर उनका सामूहिक अभिनंदन किया। इसके बाद वह झालरापाटन के लिए रवाना हो गए। यह आयोजन शाम तक चला, जिसमें मंच पर अन्य मेहमान भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *