शहर में लगातार तय मानकों के विपरीत अमानक पॉलिथीन का निर्माण किया जा रहा है। लगातार शिकायत मिलने के बाद प्रशासन और नगर निगम टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित पॉलिथीन निर्माण की 4 फैक्ट्रियां सील कर दी। कार्रवाई में महापौर प्रह्लाद पटेल, अपर कलेक्टर डॉ. शालीनी श्रीवास्तव समेत प्रशासन का अमला मौजूद रहा। जिन फैक्ट्रियों को सील किया है, उनमें मेहता प्लॉस्टिक दिलीप नगर में 2 फैक्ट्री, आतुर माहेश्वरी करमदी रोड, गुरू कृपा पैकेजिंग सालाखेड़ी रोड शामिल है। नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने निरीक्षण के दौरान निर्धारित मापदंड से कम मोटाई की पॉलिथीन निर्माण करने पर फैक्ट्रियों को सील किया है। महापौर प्रहलाद पटेल ने बताया कि रतलाम नगर को कचरा मुक्त एवं स्वच्छ बनाने के लिए शहर में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। नाले-नालियों में अधिक संख्या में पॉलिथीन होने से वे चोक हो रही है। कचरा और गंदगी फैल रही है। साथ ही पॉलिथीन में बची हुई खाद्य सामग्री फेंकने से गौवंश उन्हें खा लेते है। पॉलिथीन का निर्माण और उपयोग बंद करना होगा। शासन द्वारा 120 माईक्रॉन से कम मोटाई की पॉलिथीन का निर्माण व उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसलिए यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अनिल भाना, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह, झोन प्रभारी तरूण राठौड़, आशीष चौहान आदि मौजूद रहे। गंदगी करने पर जुर्माना नगर निगम की टीम द्वारा भरावा की कुई क्षेत्र में कचरा एवं गंदगी करने पर मंयक मजावदिया पर 250 रूपए का जुर्माना भी किया गया।


