कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट पर फायरिंग, आगजनी मामले में 5 गिरफ्तार, 3 हथियार व कारतूस बरामद

क्राइम रिपोर्टर | रांची ओरमांझी थाना क्षेत्र के रूक्का में श्रीराम इंटर प्राइजेज कंस्ट्रक्शन कंपनी के साइट पर अज्ञात अपराधियों ने 30 नवंबर की रात 11 बजे फायरिंग व आगजनी की थी। इस घटना में शामिल पांच अभियुक्तों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों में अनगड़ा निवासी सलीम अंसारी उर्फ बादल, केरेडारी का रहने वाला दीपक कुमार, चरही निवासी सद्दाम हुसैन, रामगढ़ का रहने वाला लालमुनि राम उर्फ मुनिलाल और अनगड़ा निवासी बबलू खान शामिल हैं। इनके पासे से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक कट्टा, एक देसी पिस्टल ग्रिप लगा हुआ, सात कारतूस, 9 मोबाइल और दो बाइक बरामद की है। घटना के बाद सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने टेक्निकल इनपुट के आधार पर 12 दिसंबर को घटना में शामिल इन अभियुक्तों को हुटुप के गोंदली पोखर रोड से गिरफ्तार किया। ये लोग एक बार फिर हुटुप में एक सड़क निर्माण कंपनी के आसपास घूम रहे थे। सभी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। रांची एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी के बाद रांची और रामगढ़ में हुए कई कांडों का खुलासा हुआ है। इन अभियुक्तों मे 30 नवंबर की रात रुक्का स्थित हुटुप ओपी के समीप श्रीराम इंटर प्राइजेज साइट पर उत्पात मचाया था। चार अभियुक्तों ने प्लांट में घुसकर पानी ढुलाई करने वाले टैंकर में सोए चालक अखिलेश कुमार को उतारा और टैंकर को पेट्रोल डाल आग के हवाले कर दिया था। वहीं जाते समय अभियुक्तों ने चालक अखिलेश कुमार का मोबाइल लूट लिया था इसके बाद फायरिंग कर गाली-गलौज करते हुए वे भाग निकले थे। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। सलीम अंसारी के विरुद्ध नगड़ी थाना में डकैती व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज है। वहीं दीपक के विरुद्ध जारीडीह थाना में अपहरण का केस दर्ज है। सद्दाम भी शातिर अभियुक्त है। उसपर भी चरही और महुआटांड़ थाना में चोरी और लूट की प्राथमिकी दर्ज है। लालमुनि राम के विरुद्ध सबसे अधिक चार मामले दर्ज है। सिल्ली और मांडू थाना में डकैती व चरही थाना में लूट कांड में प्राथमिकी दर्ज है। बबलू खान के विरुद्ध भी अनगड़ा थाना में मारपीट व अन्य धाराओं में मामला दर्ज है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *