बीकानेर में फिर कोहरा:तापमान में गिरावट का दौर, सुबह नौ बजे तक भी कोहरे से राहत नहीं, 9वीं से 12वीं तक स्कूल खुलें

तापमान में गिरावट का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। सर्दी के चलते बीकानेर में सुबह नो बजे तक भी कोहरे से राहत नहीं मिली है। सूर्योदय तो हो गया लेकिन सूर्य देव के दर्शन मुश्किल हो रहे हैं। माना जा रहा है कि मंगलवार को दिन में भी सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। बीते चौबीस घंटे में बीकानेर में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य के आसपास ही है। आमतौर पर न्यूनतम पारा इतना ही रहता है। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी में स्पष्ट किया गया है कि बीकानेर में नौ जनवरी तक पारा चार से छह डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं दस दिसम्बर से तापमान में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद भी न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। ऐसे में दस जनवरी तक कड़ाके की सर्दी पड़नी तय है। इस बार दिसम्बर के अंतिम और जनवरी के पहले सप्ताह में इतनी सर्दी नहीं पड़ी जितनी दूसरे सप्ताह में होगी। बीकानेर के अलावा जोधपुर, नागौर, चूरू, अजमेर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में भी तापमान कम रहेगा। मौसम विभाग ने दस जनवरी तक की भविष्णवाणी दी है। इस अवधि में इन जिलों में पारा चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच हो सकता है। बीकानेर में सर्दी तेज होने से लूणकरनसर, अरजनसर, महाजन, नोखा रोड, जयपुर रोड कोहरे के कारण सुबह आठ बजे तक वाहनों की आवाजाही कम रही। भारी ट्रक रात में सड़क किनारे खड़े हो रहे हैं। वहीं दिन में यात्रा शुरू हो रही है। कोहरे के कारण श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या बढ़ जाती है। इस बार भी तीन हादसे हो चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *