बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डोला गांव स्थित रॉयल फार्म हाउस के बाहर खड़ी एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। अचानक लगी आग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा जलकर राख हो चुका था। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। कार मालिक अरुण ने बताया कि वे एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और अपनी गाड़ी मैरिज हॉल के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद शोर सुनकर बाहर आए तो कार में आग लगी हुई देखी। अरुण ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी में असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाई गई है, यह किसी तकनीकी खराबी से लगी आग नहीं है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


