शिवपुरी में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। आज मंगलवार को भी सुबह के समय हल्की धुंध छाई रही, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई और लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। शिवपुरी सर्दी के मामले में प्रदेश के सबसे पांच ठंडे इलाकों में अपना स्थान बनाए हुए है। सोमवार की रात शिवपुरी का पारा 9.3 डिग्री तक लुढ़क गया था। इस न्यूनतम तापमान के साथ शिवपुरी प्रदेश का सबसे कम ठंडे इलाकों में चौथे पायदान पर था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट हो सकती है। हवा की गति सामान्य रहने के कारण ठंड के तेवर तेज बने हुए हैं। साथ ही शहर में अगले सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। स्कूलों का फिर बदला समय सर्दी में इजाफा होने के चलते कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने स्कूलों के समय में एक बार फिर बदलाव किया है। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से जिले में संचालित होने वाले सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त शाला, सीबीएसई, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय शैक्षणिक संस्थाओं को आदेश जारी किए हैं कि 7 जनवरी से आगामी आदेश तक स्कूलों का संचालन सुबह 10 बजे से पहले न करने का आदेश जारी किया है।


