पुलिस ने आदतन अपराधी का निकाला जुलूस:रायसेन में 57 मामलों के आरोपी जेल भेजे, हत्या के प्रयास के आरोपी भी गिरफ्तार

रायसेन जिले में पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश के बाद आदतन अपराधियों पर सख्ती तेज हो गई है। बुधवार शाम को पुलिस ने 57 आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी गोलू बैरागी को अवैध शराब के साथ पकड़ा और गिरफ्तारी के बाद शहर में उसका जुलूस निकाला। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को सांची रोड से 6 पेटी अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया था। मेडिकल के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इंडियन चौराहे से सागर तिराहे तक निकाले गए जुलूस के दौरान पुलिस का इरादा साफ दिखा—“अपराध करोगे, तो दिखोगे भी”। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल के अनुसार आरोपी पर मारपीट, अड़ीबाजी सहित कुल 57 मामले दर्ज हैं। गैरतगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम लगभग 6 बजे फरियादी राघव शर्मा दोस्तों के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान राज रैकवार और अमित भारती की बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी। कहा-सुनी बढ़ी और मामला रात तक गंभीर रूप ले गया। अमित भारती ने राघव को कॉल कर पेट्रोल पंप बुलाया। करीब 6:30 बजे राज रैकवार, अमित और उनके साथियों—आनंद धाकड़, मयंक साहू, देशांश कुशवाह, लक्की सेन, राज सेन, विक्की लोधी, कृष्णा लोधी व अंकित महाराज मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान राज रैकवार ने रितिक आदिवासी पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। बचाव करने पर उसके सिर में भी चाकू से चोट पहुंचाई गई। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस तेजी से हरकत में आई और सिर्फ छह घंटे में मुख्य आरोपी सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। राज रैकवार से वार में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया। सभी आरोपियों और अपचारी बालकों को न्यायालय में पेश किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *