धौलपुर डिस्कॉम ने बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को धौलपुर पुलिस के साथ मिलकर बसेड़ी उपखंड में 30 ट्रांसफॉर्मर उतारे गए। इन ट्रांसफार्मरों पर उपभोक्ताओं का कुल एक करोड़ रुपए का बकाया था। यह संयुक्त कार्रवाई जयपुर डिस्कॉम के धौलपुर जिले में हुई। डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (SE) विवेक शर्मा और बाड़ी के अधिशासी अभियंता (XEN) गोविंद चौधरी के नेतृत्व में उन बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की गई थी, जिन्होंने लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया था। बार-बार तगादा करने के बावजूद उपभोक्ताओं ने बिल जमा नहीं कराए थे। कार्रवाई के लिए डिस्कॉम अधिकारियों ने धौलपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) विकास सांगवान से पुलिस बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया। पुलिस सहायता मिलने के बाद डिस्कॉम ने चार टीमें गठित कीं। इन टीमों में चार सहायक अभियंता (AEn), पांच कनिष्ठ अभियंता (JEn) और 50 बिजलीकर्मी शामिल थे। बसेड़ी के सहायक अभियंता बी.एस. मीना ने बताया कि पूठपुरा गांव से 18 ट्रांसफॉर्मर उतारे गए, जिन पर 60 लाख रुपए बकाया थे। बागथर से 6 ट्रांसफॉर्मर हटाए गए, जिन पर 20 लाख रुपए बकाया थे। इसी प्रकार, भारली से 3 ट्रांसफॉर्मर (10 लाख रुपए बकाया) और पथरा से 3 ट्रांसफॉर्मर (9 लाख रुपए बकाया) हटाए गए। डिस्कॉम और धौलपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई उपभोक्ता आनन-फानन में ट्रांसफॉर्मर और अवैध जम्पर हटाते देखे गए। इस कार्रवाई के दौरान अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा, अधिशासी अभियंता गोविंद सिंह, सहायक अभियंता बी.एस. मीना (बसेड़ी), आर.डी. मीना (बाड़ी), प्रमेंद्र जादौन (सरमथुरा) और एसआई शिवकांत सहित अन्य बिजलीकर्मी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


