बीकानेर रेंज स्पेशल टीम ने नोखा में बुधवार को दो अवैध पिस्तौल और दो जिंदा राउंड के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और उन्हें ले जाने में इस्तेमाल की जा रही एक कैंपर गाड़ी भी जब्त की है। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस, रेंज बीकानेर द्वारा अवैध मादक पदार्थ, हथियार और संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। रेंज स्पेशल टीम के प्रभारी के सुपरविजन में इसे अंजाम दिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान छोटूसिंह (21), पुत्र पृथ्वीसिंह, निवासी करणु रामसर, नागौर; हरिराम (21), पुत्र दीपाराम, निवासी बामणिया वाला, नागौर; और सोमदत्त (20), पुत्र सहीराम, निवासी जेडी मगरा, बीकानेर के रूप में हुई है।


