झारखंड के कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने चर्चित टीवी शो “कौन बनेगा करोड़पति’ में 12 सवालों के सही जवाब देकर 12.5 लाख रुपए जीत लिए। कौशलेंद्र धनबाद के जयप्रकाश नगर में रहते हैं। सोमवार को कौशलेंद्र मेगा स्टार अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे नजर आए। इस दौरान अमिताभ बच्चन ने उनसे काला पत्थर फिल्म की शूटिंग की यादें साझा कीं। बताया कि झरिया की चासनाला कोलियरी में शूटिंग हुई थी। वहां गंदे पानी की वजह से उनकी तबियत बिगड़ गई थी। उसके बावजूद समय पर फिल्म पूरी करने के लिए शूटिंग करते रहे। पहली बार में तो विश्वास ही नहीं हुआ
कौशलेंद्र सिंह मीडिल क्लास फैमिली से हैं। उन्होंने बताया कि केबीसी सेट जब पहली बार फोन आया और मेरे सेलेक्शन के बारे में बताया गया तो मुझे विश्वास नहीं हुआ। मुझे लगा साइबर फ्रॉड का मामला हो सकता है, पर जब दोबारा कॉल आया तो मैंने रिस्क लेते हुए पूछा बताइए क्या करना है। इसके बाद वीडियो कॉल पर मेरा इंटरव्यू हुआ और मुझे मुंबई आने का न्यौता मिला तब मुझे यकीन हुआ कि मेरा सेलेक्शन केबीसी में हो गया है। कौशलेंद्र सिंह ने बताया वो कोयला क्षेत्र में लोडिंग सप्लायर का काम करते हैं। इससे उन्हें 10 हजार रुपए मंथली सैलरी मिलती है और इसी से घर चलता है। उन्होंने झरिया आईएसएल स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण किया और यूपी के कानपुर से प्लस टू की पढ़ाई की। उनकी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी नहीं हो सकी। कौशलेंद्र सिंह के परिवार में माता-पिता, दो भाई, पत्नी और एक बेटा-बेटी है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के वक्त जब सारे काम बंद थे तो उस समय फोन से केबीसी खेलता था। यह खेल जारी रखा। इसी क्रम में 4 साल बाद केबीसी से फोन आया। उन्होंने कहा- जीते गए 12:50 लाख रुपए को अपने बच्चों के पढ़ाई में खर्च करेंगे। 25 लाख रुपए का सवाल जमशेदजी टाटा से संबंधित
अमिताभ ने 25 लाख रुपए के 13वें सवाल में अंग्रेजों के शासनकाल के दौरान 1877 में जमशेदजी टाटा की ओर से नागपुर में स्थापित पहले कॉटन मिल का नाम पूछा। जवाब के 4 विकल्प बताते हुए संकेत में यह भी कहा कि उस मिल का नाम एक अंग्रेज शासक के नाम पर रखा गया था। सही जवाब देकर कौशलेंद्र के सामने 25 लाख रुपए जीतने का मौका था। काफी देर उलझे रहने के बाद उन्होंने 4 विकल्पों में से जुबली मिल को चुना। हालांकि, पूरी तरह से निश्चिंत नहीं होने के कारण खेल छोड़ने का फैसला किया। बाद में अमिताभ ने बताया कि सही जवाब एंप्रेस मिल था। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कौशलेंद्र को बधाई दी। उनके खाते में 12.5 रुपए ट्रांसफर कर दिए। श्रीराम से संबंधित सवाल का जवाब दे जीते 12.5 लाख
कौशलेंद्र ने बिना किसी लाइफलाइन के 10 प्रश्नों के सही उत्तर दिए और 3.20 लाख रुपए जीते। 6.40 लाख रुपए के लिए 11वें प्रश्न में उन्होंने पहली लाइफलाइन का उपयोग किया। यूपी के अपने एक मित्र को वीडियो कॉल लगाया, पर उनसे मदद नहीं मिली। तब ऑडियंस पोल का इस्तेमाल किया। 12वें प्रश्न में पूछा गया कि प्रभु श्रीराम को बला और अतिबला विद्या किस ऋषि ने सिखाई थी। कौशलेंद्र ने पहले ऋषि वशिष्ठ का विकल्प चुना। संदेह होने पर आखिरी लाइफलाइन डबल डिप का इस्तेमाल किया। फिर ऋषि विश्वामित्र का नाम चुनकर 12.5 लाख जीते।


