अजमेर के बांदनवाड़ा से बिजयनगर के बीच हाईवे नंबर-48 पर पुलिया के पास ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। लेकिन बाद में पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया। हादसा बुधवार देर शाम साढे़ सात बजे हुआ। सूचना के बाद बांदनवाड़ा चौकी से पुलिस पहुंची। पुलिस ने दोनों शव को अस्पताल में रखवाया है। दोनों के शव का पोस्टमॉर्टम कल सुबह होगा। पुलिस जांच में जुटी है। कुचलने के बाद भी रुका नहीं ट्रक ड्राइवर, भाग गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- बाइक सवार दोनों युवक बांदनवाड़ा पुलिया से उतरकर बिजयनगर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पुलिया के पास तेज गति से आ रहे एक ट्रक के ड्राइवर ने टक्कर मार दी और कुचलता हुआ आगे निकल गया। इसके बाद ट्रक रुका नहीं। इस मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। एक युवक का चेहरा पूरी तरह कुचल गया और पहचान भी मुश्किल हो रही है। वहीं बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने इसकी सूचना बांदनवाड़ा पुलिस चौकी को दी। चौकी प्रभारी गिरधारी सिंह ने बताया कि मृतक बांदनवाड़ा निवासी गोरू नाथ व भिनाय निवासी कैलाश नाथ है। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिजयनगर की ओर जा रहे थे। पीछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने अपने वाहन को तेज गति व गफलत में चलाकर आगे चल रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के शवों को भिनाय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां गुरुवार सुबह मृतकों के शवों का पंचनामा किया जाएगा। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। (इनपुट सहयोग-अनिल शर्मा, बांदनवाड़ा)


