प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस ने 1 घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस ने भाजपा सरकार के एक साल की बदहाली के पोस्टर का विमोचन भी किया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की विभिन्न विफलताओं बलौदाबाजार अग्निकांड, लोहारीडीह हत्याकांड, बलरामपुर पुलिस अभिरक्षा में मौत, फर्जी मुठभेड़, महिलाओं के साथ अनाचार, बदहाल कानून-व्यवस्था जैसे प्रमुख मुद्दों का पोस्टर बनाकर मौन-प्रदर्शन करते हुए लोगों का ध्यान आकृष्ठ कराया। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने 1 साल में 17 जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया। सरकार ने 1 साल में छत्तीसगढ़ की जनता को निराश किया है। राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है। 1 साल में विष्णु का सुशासन तो दूर विष्णु की सरकार कही नहीं दिख रही। अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। नक्सली घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो गई है। इधर राजधानी रायपुर के घड़ी चौक स्थित बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के सामने बैठकर कांग्रेस नेताओं ने मौन धरना दिया। इस दाैरान सभी मुंह में काली पट्टी बांधकर अपने हाथों में भाजपा सरकार के कुशासन की तख्तियां लेकर बैठे थे। शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल में आम जनता त्रस्त हो गई है। आम जनता में भय का माहौल है। नशे का अवैध कारोबार दिनदहाड़े चल रहा है। पुलिस प्रशासन इन सभी अपराधों को रोकने में असफल रही है। इस दाैरान कुलदीप जुनेजा, एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, कन्हैया अग्रवाल, शिव सिंह ठाकुर, दिनेश ठाकुर, सुरेश चन्नावर, कामरान अंसारी, जी श्रीनिवास, बंशी कन्नौजे आदि मौजूद थे।


