चालीस मुक्तों की याद में लगने वाले पवित्र और ऐतिहासिक माघी मेले की तैयारियों, यातायात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीआईजी फरीदकोट अश्वनी कपूर, एआईजी सीआईडी बठिंडा अवनीत कौर सिद्धू, एसएसपी मुक्तसर तुषार गुप्ता द्वारा जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की गई। डीआईजी फरीदकोट ने बैठक के दौरान मेला माघी के संबंध में सभी अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान शहर को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग वाहनों की पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी। भारी वाहनों की शहर में एंट्री प्रतिबंधित होगी और अन्य शहरों को जाने वाले वाहनों को शहर से बाहर के मार्गों से निकाला जाएगा। 24 घंटे तैनात रहेंगे पुलिस कर्मी मेले के दौरान हर सड़क पर नाकाबंदी की जाएगी। शहर में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां 24 घंटे पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। शहर के प्रमुख चौराहों पर वॉच टावर लगाए जाएंगे, जिनसे पुलिसकर्मी दूरबीन की मदद से भीड़ पर नजर रखेंगे और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मेले के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका संपर्क पुलिस कंट्रोल रूम से होगा। पुलिस कंट्रोल रूम 24 घंटे सहायता के लिए तैयार रहेगा, और पीसीआर बाइक लगातार गश्त करेंगी। जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर यदि कोई व्यक्ति कोई जानकारी साझा करना चाहता है, तो वह हेल्पलाइन नंबर 80542-70100 पर जानकारी दे सकता है। जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। बैठक में एसपी (डी) मनमीत सिंह ढिल्लों, डीएसपी (एच) मनविंदर बीर सिंह, डीएसपी अमनदीप सिंह, डीएसपी सतनाम सिंह, डीएसपी अवतार सिंह, डीएसपी नवीन कुमार, डीएसपी सुखजीत सिंह, डीएसपी इकबाल सिंह एवं थाना व कार्यालय के अन्य सभी इंचार्ज उपस्थित थे।


