अबोहर में दुकान से घी के टीन चुराने वाले युवक को काबू कर लिया। वहीं दुकानदार ने माफी मांगने के बाद उसे छोड़ दिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशे का आदी है और गलती से वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार गांधी मैदान स्थित एक प्रसिद्ध पंसारी की दुकान के ऊपर बने उनके स्टोर से एक युवक अपने एक अन्य दोस्त की मदद से यहां से दो टीन रिफाइंड घी के चुरा ले गया। जब प्रतिष्ठान संचालकों ने सीसीटीवी कैमरे चैक किए, तो उन्हें चोर के बारे में पता चला और उसके आधार पर ही उसकी तलाश शुरू कर दी। दुकान संचालकों ने काबू कर लिया, जो कि अबोहर के कंधवाला रोड पर बनी मैट्रो कालोनी काह रहने वाला है और उसका पिता रेलवे विभाग से रिटायर्ड है। युवक ने माना कि वह नशे पत्ते का आदी है, जिसके चलते ही उसने इस घटना को अंजाम दिया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से शहर में छीनाझपटी और चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। जिसे देखते हुए विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को इन पर अंकुश लगाने के लिए एक ज्ञापन भी सौंपा हैं।


