भास्कर न्यूज | कथारा कथारा क्लब कथारा के सौजन्य से कथारा स्थित सीसीएल जीएम ग्राउंड में बुधवार को पांच दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। यहां मुख्य अतिथि गोमिया पूर्व विधायक के पुत्र व झारखंड के पर्वतारोही सह समाजसेवी शशि शेखर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं फुटबॉल को किक मारकर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। ओपनिंग मैच वारसी ब्रदर्स ललपनिया बनाम ढोरी एफसी के बीच खेला गया। जिसमें निर्धारित समय में ललपनिया ने 2-0 से ढोरी को पराजित किया। दूसरे मैच में न्यू निषाद स्पोर्टिंग क्लब धनबाद ने तीन गोल से टाइगर एफसी इलेवन डुमरी को पराजित कर दिया। वहीं तीसरे व क्वार्टर फाइनल मैच में वारसी ब्रदर्स ललपनिया की टीम ने खेल का बेहतर प्रदर्शन करते हुए न्यू निषाद स्पोर्टिंग क्लब धनबाद को 2 गोल से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट के आयोजकों ने बताया कि पूरे टूर्नामेंट में झारखंड सहित अन्य राज्य के कई जिलों से 16 टीमें भाग लेंगी। फाइनल मैच के दिन विजेता टीम को नकद दो लाख रुपए, उप विजेता टीम को डेढ़ लाख नकद सहित तीसरे एवं चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 50-50 हजार रुपए नकद सहित ट्रॉफी एवं अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे। मैच को देखने के लिए ग्राउंड में दर्शकों की भीड़ खचाखच भरी हुई थी। पर्वतारोही सह समाजसेवी शशि शेखर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों के बीच की प्रतिभा सामने आती है।


