भास्कर न्यूज| महासमुंद प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास निर्माण कार्य की गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने में जनपद पंचायत महासमुंद और जनपद पंचायत बागबाहरा को उत्कृष्ट आवास पूर्णता कार्य के लिए सम्मानित किया गया। बुधवार को जिला पंचायत महासमुंद में आयोजित सम्मान समारोह में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने दोनों जनपदों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान दोनों जनपदों के आवास पूर्णता में प्रदर्शित बेहतर प्रबंधन, सतत निगरानी, पारदर्शिता और लाभार्थियों तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किया गया। सीईओ नंदनवार ने कहा कि जनपद महासमुंद और बागबाहरा ने आवास निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए जिले के लिए एक उत्कृष्ट कार्य प्रस्तुत किया है। उन्होंने टीम भावना, फील्ड मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने की सराहना की। कार्यक्रम में संबंधित जनपदों के अधिकारी-कर्मचारी, तकनीकी स्टाफ व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


