भास्कर न्यूज | राजिम नगर पंचायत राजिम के पथर्रा में करोड़ों रुपए की लागत से बन रही नई जल टंकी के निर्माण स्थल पर बिजली चोरी का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। ठेकेदार द्वारा पिछले एक महीने से अधिक समय से अवैध रूप से खंभे से डायरेक्ट कनेक्शन लेकर मशीनें चलाई जा रही थीं। शिकायत मिलने पर विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देते हुए हुकिंग में इस्तेमाल उपकरणों को जब्त किया और ठेकेदार के खिलाफ चलानी नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14, पथर्रा में करोड़ों रुपए की लागत से जल टंकी का निर्माण हो रहा है। विभागीय टीम के अनुसार यहां 5380 वॉट लोड की अवैध हुकिंग कर मशीनें संचालित की जा रही थीं। टीम ने रॉड कटर, अवैध तार और अन्य सामग्री जब्त की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव ने कहा,यह गंभीर मामला है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अवगत कराया गया है और ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विद्युत विभाग के सहायक अभियंता धर्मेंद्र साहू ने बताया कि 5380 वॉट की अवैध हुकिंग पकड़ी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े सरकारी प्रोजेक्ट में महीनों से खुलेआम बिजली चोरी हो रही थी, लेकिन नगर पंचायत के जिम्मेदार इंजीनियरों की नजर इस पर कैसे नहीं पड़ी? निर्माण स्थल पर नागरिक सूचना पट्ट भी नहीं लगाया गया है, जिससे काम की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार और इंजीनियर की मिलीभगत के बिना इतने लंबे समय तक अवैध बिजली उपयोग संभव नहीं था।


