गढ़वा | कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रभात कुमार दुबे उर्फ बड़ू दुबे ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर बिश्रामपुर विधानसभा अंतर्गत कांडी, बरडीहा और मझिआंव प्रखंड के विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने जनहित में अत्यंत आवश्यक बताते हुए जतरो बंजारी देवनकारा में बांकी नदी पर पुल का निर्माण जो वर्षों से अधूरा पड़ा है का निर्माण कार्य, बेलहथ से पतीला भाया सेमौरा कांडी मुख्य पथ का चौड़ीकरण कराने, कांडी-मोखापी पथ में दिनेश चौबे के घर से घुरवा, रामबांध होते हुए गवर्नर रोड तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है। जिस पर ग्रामीण विकास मंत्री ने विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए निर्देश देने का आश्वासन दिया है। प्रभात दुबे ने कहा कि राज्य सरकार जनहित में बेहतर कार्य कर रही है। मगर भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार झारखंड की विकास गति को रोकने का हर संभव प्रयास कर रही है। केंद्र द्वारा झारखंड को मिलने वाली राशि रोक कर झारखंड को पीछे धकेलने की साजिश की जा रही है। आज छात्रों को समय से छात्रवृत्ति नहीं मिल पा रही, बुजुर्गों को वृद्धा पेंशन नहीं मिल पा रही। क्योंकि सरकार झारखंड के साथ केंद्र सरकार सौतेला बर्ताव कर रही है। यह सारी बातें झारखंड की जनता देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।


