भास्कर न्यूज | गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर सामाजिक-प्रशासनिक समन्वय से संचालित पहल आइये खुशियां बांटें अभियान के तहत डंडई प्रखंड के मुसहर टोला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार स्वयं स्थल पर पहुंचे और लगभग एक घंटा समुदाय के बीच रहकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से बातचीत की। एसडीएम ने विभिन्न परिवारों की स्थिति, जरूरतों और दैनिक कठिनाइयों को ध्यानपूर्वक सुना। मौके पर मौजूद बच्चों को उन्होंने विद्यालय जाने के लिए समझाया। वयस्कों और बुजुर्गों से कहा कि वे अपने बच्चों को विद्यालय जरूर भेजें। एसडीएम से महिलाओं और बुजुर्गों ने अपनी कई समस्याएं साझा की। इसके बाद एसडीएम संजय कुमार ने मुसहर समुदाय के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को उपहार स्वरूप गर्म कपड़े जैसे स्वेटर, जैकेट, टोपी, मोजे और अन्य ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराए। ठंड से राहत पाते ही कई बच्चों ने वहीं अपनी नई जैकेट पहनकर खुशी जाहिर की। मौके पर संजय कुमार ने बताया कि आइये खुशियां बांटें अभियान प्रतिदिन अलग-अलग वंचित टोले बस्तियों में चलाया जा रहा है। वहीं इसके माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई जा चुकी है। एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल वस्त्र देना नहीं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों तक संवेदना, सम्मान और सहयोग की गर्माहट पहुंचाना है। उन्होंने दानदाताओं और समाज के जागरूक नागरिकों का धन्यवाद करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की। बीडीओ को कैंप लगाकर समस्याएं सुनने का निर्देश : मुसहर परिवारों की आर्थिक-शैक्षणिक स्थिति एवं उनके बेहतर स्वास्थ्य को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी डंडई को निर्देश दिया गया कि वे समय-समय पर यहां कैंप आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुने और निस्तारित करें।


