भास्कर न्यूज | शंकरगढ़ कड़ाके की ठंड से बच्चों को राहत देने शंकरगढ़ विकासखंड के शिक्षकों ने सराहनीय पहल की है। डीईओ बलरामपुर के मार्गदर्शन और बीईओ इस्माइल खान की प्रेरणा से 10 दिसंबर को शंकरगढ़ विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय करमी और नावाडीह के कुल चार विद्यालयों में स्वेटर बांटा। कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षक, शाला प्रबंधन समिति और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने मिलकर योगदान दिया। स्वेटर वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामणि निकुंज और जनपद पंचायत अध्यक्ष चिंतामणि भगत के कर कमलों से कराया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। ठंड से बचाव के लिए नए स्वेटर पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे। बीईओ इस्माइल खान ने कहा कि पाठ क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिस कारण बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति प्रभावित हो रही है। जो बच्चे विद्यालय पहुंच भी जाते हैं, वे ठंड के चलते कक्षाओं में ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते, जिससे अध्ययन-अध्यापन बाधित होता है। ऐसे में शिक्षकों ने स्वयं प्रेरित होकर बच्चों को गरम कपड़े उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय करमी और नावाडीह के शिक्षक राम कुमार प्रधान पाठक, अनिल कुमार, संतोषी भारती, साधना प्रधान, कलावती बुनकर, विन्देश्वर पैकरा और माध्यमिक विद्यालय नावाडीह के शिक्षक सुबानी लकड़ा, मुनेश्वर राम, दिनेश नरसिंह, नीरज तिर्की, चंद्रबली और उदय कुमार ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया और कुल 130 बच्चों को स्वेटर बांटे। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों और सरपंचों ने इस पहल की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाया जा सकता है। इसमें निर्णय लिया कि आने वाले दिनों में शंकरगढ़ विकासखंड और भी कई विद्यालयों में गरम कपड़ों का वितरण किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा ठंड के कारण शिक्षा से वंचित न हो।


