भास्कर न्यूज | जशपुरनगर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सन्ना में मंगलवार को पूर्व विद्यार्थी सम्मेलन -2025 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की पूर्व छात्राओं को एक साझा और प्रेरक मंच उपलब्ध कराना था, ताकि वे अपनी सफल जीवन यात्रा, अनुभव और उपलब्धियां वर्तमान छात्राओं से साझा कर उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित कर सकें। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सच्चे देशभक्त व गरीबों के मसीहा कहे जाने वाले स्व. वीर नारायण सिंह के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद विद्यालय की वर्तमान छात्राओं ने पूर्व छात्राओं का गर्मजोशी से पुष्पगुच्छ और स्वागत गीत से अभिनंदन किया। सभी पूर्व छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए कि कैसे उन्होंने विषम परिस्थितियों को झेलकर और कड़ी मेहनत करके आज इस मुकाम को हासिल किया है। उनके प्रेरक वक्तव्यों ने वर्तमान छात्राओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। इसके बाद वर्तमान छात्राओं द्वारा समूह गान, एकल गान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समूह प्रस्तुति देकर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अलुमनी मीट-2025 में विद्यालय की 58 पूर्व छात्राओं ने भाग लिया। यह गर्व का विषय है कि इनमें से ज्यादातर छात्राएं किसी न किसी प्रतिष्ठित संस्थान में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। उपस्थित पूर्व छात्राओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां रखने वाली छात्राएं शामिल थीं। डिप्टी कलेक्टर 1,फूड इंस्पेक्टर 1,एम.बी.बी.एस. इंटर्नशिप 1,मेडिकल ऑफिसर एवं चिकित्सा क्षेत्र में 3,इंजीनियर 1,सहायक ग्रेड तीन 2,सरपंच 1 विद्यालय प्रबंधन ने आगामी वर्षों में और अधिक पूर्व छात्राओं को सम्मिलित कराने की प्रतिबद्धता जताई।कार्यक्रम का संचालन टी.जी.टी.शिक्षक बसंत कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पूर्व छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया, और पुराने सहपाठियों से मिलकर, स्कूल के दिनों को याद कर पूर्व छात्राएं भावुक हो गईं। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्राएं, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।


