भास्कर न्यूज | बगीचा यूनिसेफ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय संत रामेश्वर गहिरा गुरुजी महाविद्यालय, बगीचा के एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा जशपुर जिले के बगीचा ब्लॉक के बूढ़ाडांड पंचायत में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक व जागरूकता रैली के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक मुद्दों पर संवेदनशील करने का प्रयास किया। कार्यक्रम की शुरुआत गांव में साफ-सफाई अभियान से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थानों की सफाई की और डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और व्यक्तिगत सफाई के बारे में उपयोगी सुझाव प्रदान किए। इसके साथ ही बाल विवाह उन्मूलन, शिक्षा के महत्व, नशा मुक्त समाज जैसे अहम विषयों पर ग्रामीणों के साथ गहन चर्चा की गई। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए गांव में वॉल पेंटिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण संदेशों का प्रसार किया गया। इससे स्थायी जागरूकता फैल सके। महाविद्यालय के प्राचार्य शरद कुमार नेताम व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव रंजन तिग्गा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम अत्यंत शिक्षाप्रद, प्रभावशाली व सराहनीय रहा। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जागरूक समाज निर्माण का संदेश दिया। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।


