सिद्धू लौटे मगर समर्थकों से भी नहीं मिले, मिट्ठू को मानहानि नोटिस भेजा

डॉ. नवजोत कौर सिद्धू की कांग्रेस से सस्पेंशन के बाद नवजोत सिंह सिद्धू मुंबई से वापस अपने घर अमृतसर पहुंचे। होली सिटी में सिद्धू के घर के बाहर खामोशी रही मगर अंदर हलचल तेज थी। हालांकि सिद्ध्ू ने किसी से मुलाकात नहीं की और मीडिया से भी दूरी बनाए रखी। सूत्रों के मुताबिक, सिद्धू सही समय आने पर अपनी चुप्पी तोड़ेंगे और सारा मामला स्पष्ट करेंगे। वहीं समर्थक मैडम सिद्धू के साथ मिलकर वापस चले गए। सूत्रों का कहना है कि मैडम सिद्धू ने समर्थकों संग मौजूदा घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की और आगामी रणनीति को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संयम, अनुशासन और एकजुटता बनाए रखने की अपील की। वहीं, डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने जिला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष मिट्‌ठू मदान को 10 करोड़ का मानहानि नोटिस भेज दिया है। नवजोत कौर ने कहा कि मदान ने उनके खिलाफ गुमराह और गलत इरादे वाला कंटेंट सोशल मीडिया पर डाला है। 7 दिन में माफी मांगें वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा 48 घंटे में बदनाम करने वाले सभी वीडियो क्लिप, रील, पोस्ट समेत हर तरह का डिजिटल कंटेंट हटाने को कहा गया है। इसके अलावा लिखकर देना होगा कि आगे से वह उन्हें बदनाम करने वाला इस तरह का काम नहीं करेंगे। नवजोत कौर सिद्धू के सस्पेंशन के बाद अब उनके समर्थकों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन व पार्षद दमनदीप सिंह ने कहा कि उन्हें तो पार्षद टिकट और चेयरमैनी बिना पैसों के मिली थी। मिट्ठू के मैडम पर आरोप बेबुनियाद है। पूर्व पार्षद जरनैल सिंह भुल्लर ने कहा कि कभी सिद्धू दंप​ित को चाय तक नहीं पिलाई। किसी भी तरह की पैसों की मांग कभी नहीं की गई। मिट्ठू आरोपों की सच्चाई साबित करें। इसी तरह पूर्व पार्षद शैलिंदर सिंह शैली ने कहा कि मिट्ठू मदान कांग्रेस का पुराना परिवार है और जब उन्हें टिकट दी गई थी, तो वो सिद्धू परिवार के भरोसेदार थे, उसकी जड़ें उन्हीं में थीं। मिट्ठू मदान की सारी बात सुनकर उन्हें गुरदास मान का गीत याद आ गया कि ‘लख परदेसी होइए अपना देश नहीं पंडीदा, जेहड़े मुल्क दा खाइए उसदा बुरा नी मंगीदा’। शैली ने सिद्धू के घर की ओर हाथ करते हुए कहा कि यह वही गेट है यहां पर आवाजें मारकर टिकटें बांटी गई थी। मिट्ठू ने अपने आका को खुश करने के लिए यह सब कहा है। वहीं मौजूदा पार्षद गिरीश शर्मा ने कहा कि उनसे कभी एक रुपया भी नहीं मांगा गया। उल्टा कैंपेन में सिद्धू परिवार ने खुद पैसे लगाए थे। लीगल नोटिस का जवाब अपने वकील से बातचीत कर एक-दो दिन में दे देंगे। डॉ. नवजोत कौर को कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक 6 से 7 नोटिस गए हैं। हर कार्यकर्ता नोटिस भेज रहा है क्योंकि मैडम सिद्धू ने कांग्रेस के खिलाफ बोला है। मैडम से सबकुछ बीजेपी बुलवा रही है क्योंकि वो बीजेपी की स्लीपर सेल हैं। 2017 में मैडम सिद्धू ने कईयों से पैसे लेकर कौंसलरों की टिकट दी। उन सभी को समय आने पर सामने लेकर आएंगे। अब सबकुछ खुलासा करेंगे। -मिट्ठू मदान, जिला शहरी कांग्रेस प्रधान

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *