भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल ग्राम मन्हाकाल में नए धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ किया गया। विधायक विक्रम उसेंडी के मन्हाकाल प्रवास के दौरान किसानों ने धान खरीद केंद्र स्थापित करने की मांग रखी थी। इस मांग पर तत्परता दिखाते हुए उन्होंने शासन-प्रशासन से व्यवस्था सुनिश्चित करवाई, जिसके परिणामस्वरूप धान उपार्जन केंद्र अब ग्रामीणों के लिए क्रियाशील हो गया है। अब तक मन्हाकाल एवं आसपास के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और परिवहन व्यय दोनों में कठिनाई होती थी। नए केंद्र की स्थापना से किसानों को अब अपनी उपज स्थानीय स्तर पर ही बेचने में सुविधा मिलेगी और उनका आर्थिक व शारीरिक बोझ कम होगा। केंद्र प्रबंधन द्वारा बताया गया धान खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू रखने के लिए टोकन वितरण प्रारंभ कर दिया गया है। किसानों को निर्धारित समय पर केंद्र में पहुंचकर अपना टोकन प्राप्त करना होगा। उसी क्रम में तुलाई व भुगतान की प्रक्रिया होगी। इस दौरान गायता फागू राम, पटेल बिकेश कुमार, अध्यक्ष अजय देहारी, पेनवो बिसाऊ, छोटे बोदेली सरपंच केदू राम पोटाई (छोटे बोदेली), कड़मे सरपंच नितेश नरेटी आदि उपस्थित थे।


