सवाई माधोपुर के बौंली उपखंड के कोड्याई गांव में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां प्रशासन ने लगभग 1 किलोमीटर के दायरे से अतिक्रमण को हटाया गया। तहसीलदार रामचंद्र मीणा ने बताया कि बौंली उपखंड के ग्राम कोड़याई में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। स्टेट हाईवे 117 से कोडयाई में माताजी के मंदिर तक सड़क निर्माण होना था, लेकिन रास्ते में जगह-जगह लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। जिससे यहां पानी भराव होने से कीचड़ जमा हो गया था। इसे लेकर पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक में भी विधायक इंदिरा मीणा ने तहसीलदार रामचंद्र मीणा को पुलिस जाब्ता मंगवाकर सड़क निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए थे। इस संबंध में तहसीलदार ने राजस्व विभाग के 7 भू अभिलेख निरीक्षक एवं हल्का पटवारी की टीम गठित की। जिसके बाद बौंली तहसीलदार रामचंद्र मीणा, मित्रपुरा के नायब तहसीलदार बसंत शर्मा, बौंली थानाधिकारी राधारण गुप्ता, मित्रपुरा थानाधिकारी यशपाल सिंह सहित पुलिस जाप्ता ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान यहां पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। यहां पर करीब घंटे में प्रशासन ने पुलिस मौजूदगी में पक्के निर्माण को तोड़कर अतिक्रमण हटाया। जिसके बाद अब यहां लोगों को कीचड़ से निजात मिल सकेगी।


