पन्ना जिले के जनवार गांव निवासी एक 28 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई है। मजदूर को करीब डेढ़ माह पहले मारपीट में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जयप्रकाश आदिवासी (28 वर्ष) पुत्र मुन्ना आदिवासी के रूप में हुई है। वह मजदूरी करने के लिए उत्तर प्रदेश के कोनम्बली गया हुआ था, जहां उसके साथ ससुराल के पांच अन्य लोग भी काम करते थे। मृतक के ममेरे भाई वीरेंद्र ने बताया कि 18 अक्टूबर को जयप्रकाश और उसके पांच साथियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। इस घटना में जयप्रकाश के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। घायल जयप्रकाश को पहले मंजनपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे सतना और फिर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जबलपुर के डॉक्टरों द्वारा मना करने के बाद, उसके साथी बिना परिवार को बताए उसे घर ले आए और घटना की जानकारी दी। घर पर जयप्रकाश की हालत बिगड़ती रही। गुरुवार, 11 दिसंबर को उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


