शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम जरिया में नहर के पानी को लेकर तनाव इतना बढ़ गया कि एक बुजुर्ग किसान पर हमला कर दिया गया। घटना में 60 वर्षीय कल्लू केवट घायल हुए हैं। कल्लू केवट ने पुलिस को बताया कि वे अपनी नहर से खेत में पानी दे रहे थे, तभी गांव के धीरज धाकड़ और जितेंद्र धाकड़ ने पानी रोक दिया। जब उन्होंने विरोध किया, तो दोनों ने उनकी बात अनसुनी कर दी। शाम करीब 6 बजे मामला और बढ़ गया। दोनों आरोपी कल्लू केवट के घर पहुंच गए और पानी देने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर धीरज ने बुजुर्ग को पकड़ लिया और जितेंद्र ने लाठी से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। घटना के समय उनकी बेटियां—पूनम और रामकली—मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने दौड़कर बीच-बचाव किया और पिता को किसी तरह बचाया। कल्लू केवट का आरोप है कि जाते-जाते दोनों धमकी देकर गए कि यदि उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो जान से मार देंगे। पीड़ित की शिकायत के बाद रन्नौद थाना पुलिस ने धीरज धाकड़ और जितेंद्र धाकड़ के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


