अलवर के बहतुकलां थाना क्षेत्र के बाडला गांव में गुरुवार सुबह एक हादसा हो गया। खेत में काम कर घर लौट रहे 27 वर्षीय किसान ओमवीर को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ओमवीर सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़पता रहा। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को लक्ष्मणगढ़ अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर के जिला अस्पताल रेफर किया, जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने ओमवीर को मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बड़े भाई बच्चू सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे ओमवीर खेत से लौट रहा था तभी किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। ओमवीर खेती-बाड़ी का काम करता था और अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। फिलहाल बहतुकलां थाना पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।


