प्रतापगढ़ में मंदसौर रोड स्थित एक स्पा सेंटर में गुरुवार दोपहर एक युवक फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान कृष उर्फ आशीष माली (23) के रूप में हुई है। युवक स्पा सेंटर का मैनेजर था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारा और पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। शहर कोतवाल दीपक बंजारा ने बताया- गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे स्पा सेंटर के स्टाफ ने कृष के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद पाया। कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर कृष फंदे से लटका हुआ मिला। स्टाफ ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। कृष उर्फ आशीष माली नया मालीपुरा, जावरा (मध्य प्रदेश) का निवासी था। वह पहले भी लगभग एक साल तक इसी स्पा सेंटर में काम कर चुका था और 10 दिन पहले ही दोबारा नौकरी पर लौटा था। मानसिक तनाव में था मृतक के मौसा बालाराम माली ने बताया कि कृष पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। हालांकि, परिवार को यह उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसा कदम उठाएगा। पुलिस ने कमरे से कृष का मोबाइल फोन जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल में कुछ वीडियो मिले हैं, जिनमें कृष ने अपनी परेशानी और मानसिक तनाव के कारणों का जिक्र किया है। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया-कृष किसी तलाक शुदा महिला के साथ लिव इन रिलेशन में था। पिछले दो तीन महीने से वह लड़की किसी अन्य के संपर्क में आने से मानसिक तनाव में आ गया। वह कभी शराब नहीं पिता था, लेकिन उसके तनाव में शराब भी पीने लगा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है।


