छत्तीसगढ़ में जेम्स एंड ज्वेलरी हालमार्क को उद्योग का दर्जा:सराफा ऐसोसिएशन के अध्यक्ष बोले- निवेशकों को मिलेगा फायदा, रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना

राज्य शासन ने नई औद्योगिक नीति के तहत जेम्स एंड ज्वेलरी एवं हॉलमार्किंग को भी सेवा के क्षेत्र में शामिल किया है। इसके चलते अब जेम्स एंड ज्वेलरी व हॉलमार्किंग के क्षेत्र में निवेश करने वाले कारोबारी भी उद्योगों के समान मिलने वाली छूट ले सकते हैं। इसके साथ ही यहां के कारोबारियों को फायदा मिलेगा। वहीं, औद्योगिक दर्जा मिलने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। सराफा ऐसोसिएशन के अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों ने कहा कि अब रायपुर के बाद बिलासपुर में भी व्यावसायिक कारोडोर बनाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। औद्योगिक सेवा क्षेत्र में सराफा व्यवसाय को शामिल करने से अब इस सेक्टर में निवेश बढ़ेगा। प्रदेश के वर्तमान में 5,000 से ज्यादा सराफा कारोबारी हैं। इसके साथ ही प्रदेश भर में लगभग नौ हॉलमार्किंग सेंटर हैं। सराफा सेक्टर से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में जेम्स एंड ज्वेलरी के साथ ही हॉलमार्किंग सेक्टर में 40 से 50 बड़े-बड़े समूह भी आने की तैयारी में हैं। निवेशकों को यह मिलेगा फायदा
छत्तीसगढ़ सराफा ऐसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि अब जेम्स एंड ज्वेलरी व हॉलमार्किंग के क्षेत्र के निवेशकों को भी उद्योगों के समान ही रियायतें मिलेंगी। इसके तहत ब्याज में सब्सिडी के साथ ही बिजली बिल की दरों में छूट और जमीन की रजिस्ट्री शुल्क में छूट है। उद्योग विभाग एवं छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स के संयुक्त तत्वावधान में 30 दिसंबर को उद्योग भवन में सेमिनार हुआ था। इसमें राज्य शासन द्वारा जेम्स एंड ज्वेलरी एवं हामार्किंग सेक्टर को उद्योग का दर्जा प्रदान करने और शासन की ओर से इस योजना में दी जा रही विभिन्न सुविधाओं के विषय में जानकारी दी गई। जेम्स एंड ज्वेलरी एवं हॉलमार्किंग सेक्टर को उद्योग का दर्जा मिलने पर प्रदेश में इस क्षेत्र में और भी तेजी से विकास होगा। साथ ही नए रोजगार भी पैदा होंगे। आभूषणों में अनिवार्य है हॉलमार्किंग
केंद्र सरकार ने आभूषणों में हॉलमार्किंग अनिवार्य कर दी है। इसके चलते सराफ कारोबारियों की मांग भी रही है कि प्रदेश के सभी जिलों के साथ ही उन सभी क्षेत्रों में हाल मार्किंग सेंटर खुलने चाहिए, जहां अभी ये सेंटर नहीं है। प्रदेश में अभी काफी कम सेंटर होने की वजह से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले कारोबारियों को परेशानी होती है। हॉलमार्किंग सेंटर सभी क्षेत्रों में होने से उपभोक्ताओं को भी इसका फायदा मिलेगा, वे कहीं भी आभूषणों की शुद्धता की जांच भी करवा सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *