प्रधानमंत्री मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ मुहिम को लेकर RANA ने बड़ी पहल की है। राज.एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने घोषणा कि पूरे 2026 में हर महीने साफ-सफाई और स्वच्छ 10 घरों को पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए घुमंतू कार्य से जुड़े पदाधिकारी घर में साफ सफाई देखकर घरों को चुनेंगे। साफ सफाई वाले 10 परिवारों को हर महीने नकद राशि दी जाएगी। दरअसल, 29 नवंबर को प्रेम भंडारी ने घुमंतू रोजगार मेले की शुरुआत की थी। इस दौरान मेले में डिप्टी सीएम दीया कुमारी, RSS के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम, RANA अध्यक्ष प्रेम भंडारी, मोती डूंगरी गणेश मंदिर महंत कैलाश शर्मा, विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य,सर्वेश्वर शर्मा की मौजूदगी में रोजगार के संसाधन बांटे गए। ये आयोजन केके चंद्रा फाउंडेशन के सहयोग से जयसिंहपुरा खोर स्थित JDA बस्ती में हुआ था। कार्यक्रम से पहले भंडारी ने खुद घुमंतू बस्ती के घर में जाकर साफ सफाई देखी। 15 परिवारों को अच्छी साफ सफाई के लिए चयनित कर नकद पुरस्कार राशि दी थी। नकद पुरस्कार की घोषणा के बाद घुमंतू बस्ती के लोगों में उत्साह दिखा। लोगों ने कार्यक्रम से पहले सार्वजनिक गार्डन, सड़क से लेकर घरों तक की सफाई की। घुमंतू जाति कार्य के महानगर संयोजक राकेश शर्मा ने भी इस पहल की सराहना की थी।


