केकड़ी में प्रतिबंधित चायनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक का गला कट गया और उसके हाथ की उंगलियां भी कट गईं। वहीं, युवक के नाक पर भी कट लग गया। घायल अवस्था में युवक को केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे 12 टांके आए। दो दिन अस्पताल में उपचार के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई। यह घटना गुरुवार को हुई। घटना की जानकारी मिलने पर नगर परिषद केकड़ी आयुक्त विक्रम जोरवाल ने कहा- चायनीज मांझे पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। यदि किसी दुकानदार द्वारा चायनीज मांझा बेचा जा रहा है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि कटला मस्जिद क्षेत्र निवासी इरफान उर्फ लाला शेख पुत्र आरिफ शेख अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर सावर रोड़ की ओर जा रहा था। तभी सावर रोड़ पर अचानक युवक के गले में चायनीज मांझा उलझ गया। युवक ने मांझा हटाने का प्रयास किया, तो उसकी दो अंगुलियां कट गईं और नाक पर भी कट आ गया। युवक के चेहरे से खून बहने लगा। बाइक पर पीछे बैठा साथी कुछ समझ नहीं पाया, लेकिन युवक ने बाइक को रोका। फिर, साथी ने रुमाल और कपड़ों से खून रोकने की कोशिश की। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और युवक को लहुलुहान अवस्था में राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।


