बार एसोसिएशन:हवा चेतन की, अध्यक्ष बने चंद्रभान; चार दिन विवाद के बाद 6 पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण

चार दिन विवाद के बाद तय समय पर शुक्रवार को बार एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए। चंद्रभान सिंह शक्तावत अध्यक्ष चुने गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि चुनाव की घोषणा से लेकर प्रत्याशियों के आवेदन के बाद से हवा चेतनपुरी गोस्वामी के जीतने की चली, लेकिन जीत चंद्रभान गए। इससे पहले मतगणना शुरू होने के साथ ही दोनों के बीच कड़ी टक्कर रही। कुल 47 राउंड में काउंटिंग पूरी हुई। शुरुआती तीन राउंड में चंद्रभान आगे रहे। इसके बाद चार राउंड में चेतन आगे हो गए। आठवें राउंड में वे फिर पीछे हो गए, लेकिन नौवें व दसवें से फिर बढ़त बना ली। 11वें राउंड में दोनों बराबरी पर आ गए। इसके बाद चेतन आखिरी बार 13वें राउंड में आगे रहे। यहां तक दोनों के बीच 2-4 वोटों का अंतर था। इसके बाद 14वें राउंड से चंद्रभान ने बढ़त बनाई और आखिरी राउंड तक आगे रहे। उन्हें 761 वोट मिले। चेतन ने 677 वोट हासिल किए। चंद्रभान ने 84 वोट से जीत दर्ज कराई। इससे पहले सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ। कुल 2929 अधिवक्ता वोटरों में से 2316 यानी 79.1 प्रतिशत मतदान किया। दोपहर 2 बजे मतदान खत्म हुआ और 3 बजे से मतगणना शुरू हुई। फाइनल परिणाम 10:17 बजे जारी हुए। चार दिन यूं चला विवाद कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के लिए 64 चैंबरों के निर्माण के लिए 512 अधिवक्ताओं से लिए गए 1-1 हजार रु. वापस देने की मांग उठी। इन 5.12 लाख रुपयों के लिए तत्कालीन महासचिव राजेश शर्मा व अध्यक्ष भरत जोशी में 9 दिसंबर को ठनी। एक-दूसरे पर आरोप लगाए। चैंबर निर्माण समिति के सदस्य सुखराम डिडेल को छोड़कर अध्यक्ष समेत 11 सदस्यों ने इस्तीफे दे दिए। अगले दिन भी विवाद रहा। प्रत्याशियों-मतदाताओं के चुनाव नियमों के उल्लंघन पर चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश द्विवेदी ने 11 दिसंबर को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 12 दिसंबर को इस मामले में डीजे कोर्ट में शिकायत भी हुई। चुनाव अधिकारी का इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ ऐसे में द्विवेदी के साथ अधिवक्ता राजेश कुमार उपाध्याय ने चुनाव कराए। 84 वोटों से हारे चेतन, सबसे ज्यादा 1267 वोट उपाध्यक्ष देवीलाल को, सबसे कम 76 अध्यक्ष प्रत्याशी संदीप को उपाध्यक्ष पद पर देवीलाल जाट ने अतुल जैन को 252 वोट से हराया। जाट को 1267 और जैन को 1015 वोट मिले। इस पूरे चुनाव में सबसे ज्यादा वोट हासिल करने का रिकॉर्ड भी उनके नाम रहा। किसी भी पद का कोई प्रत्याशी 1267 वोट तक नहीं पहुंच पाया। सबसे कम 76 वोट अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप श्रीमाली को मिले। पिछले चुनाव में हारे थे चंद्रभान
चंद्रभान सिंह ने दूसरी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा है। पिछले साल भी उन्होंने इस पद के लिए भाग्य आजमाया था, लेकिन केवल 198 मत ही मिल पाए और हार का मुंह देखना पड़ा। सभी जीते हुए प्रत्याशियों के समर्थकों ने आतिशबाजी-मिठाई-ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। चुनाव को लेकर सुबह से ही वकीलों में उत्साह रहा। सुबह 10 बजे मतदान शुरू होते ही कोर्ट गेट पर सभी प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में वोट डालने की विनती करते रहे। मतगणना शुरू होने के बाद चेहरे पर चिंता और खुशी की लकीरें बनने-बिगड़ने लगीं। नए अध्यक्ष बोले- हाईकोर्ट बेंच लाना, अधिवक्ताओं के हितों के लिए लड़ना प्राथमिकता
नए अध्यक्ष चंद्रभान सिंह शक्तावत ने कहा कि जिले में हाईकोर्ट बेंच स्थापित कराना और अधिवक्ताओं के हितों के लिए लड़ना मुख्य उद्देश्य है। महिला एवं अन्य अधिवक्ताओं के लिए अलग-अलग कॉमन हॉल, चैंबर, युवा अधिवक्ताओं के लिए कोचिंग क्लास, पार्किंग, साफ-सफाई और पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं पर जल्द काम शुरू करेंगे। अन्य सभी विजेताओं ने भी इन्हीं मांगों को बार अध्यक्ष के साथ मिलकर पूरा करने की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *