समान परीक्षा : दूसरे दिन भी नहीं पहुंचे अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न पत्र

अलवर| शिक्षा विभाग इस बार अर्द्धवार्षिक परीक्षा राज्यस्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत करा रहा है। लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही इस योजना में अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न पत्र बुधवार तक अलवर पहुंचने थे, लेकिन अधिकारी गुरुवार को भी प्रश्न पत्रों का इंतजार ही करते रहे। विभाग को पुराने अलवर के सभी 16 ब्लॉकों को पेपर वितरित करने हैं। प्रिंटिंग प्रेस की लापरवाही के कारण पेपर पहुंचने में हो रही देरी के चलते जिले में शुक्रवार को पेपर वितरित किए जाएंगे। विभाग के सख्त निर्देश थे कि पेपर 11 दिसंबर तक सभी जिलों में पहुंच जाए और 12 दिसंबर को ही वितरित कर दिए जाएं।गुरुवार सुबह ही कई सीबीईओ, पीईईओ व यूसीईईओ पेपर लेने के लिए प्रश्न पत्र वितरण केंद्र एसएमडी स्कूल में पहुंच गए। लेकिन पेपर नहीं पहुंचने के चलते उन्हें निराश लौटना पड़ा। उधर विभाग के एडीईओ मुकेश किराड ने बताया कि अभी तक पेपर वितरण केंद्र पर नहीं पहंुचे हैं। शुक्रवार को सुबह पेपर का वितरण किया जाएगा। विभाग ने पांच साल पहले भी अर्द्धवार्षिक व वार्षिक परीक्षा को राज्य स्तर पर कराने का निर्णय लिया था। तब भी कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आई थी। इसके बाद विभाग बैकफुट पर आ गया था और फिर से जिला समान प्रश्न पत्र योजना को लागू कर दिया गया था। गौरतलब है कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा का आयोजन 14 से 24 दिसंबर तक किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *